बेमेतरा। सरकारी स्कूल में बच्चों को परोसे गए भोजन में कथित तौर पर डामर की गोली मिलने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। खाना खाने के बाद कई छात्राओं ने पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद आनन-फानन में करीब 30 छात्राओं को जिला अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
भोजन में मिली संदिग्ध काली गोलीनुमा वस्तु
मामला बेमेतरा के स्वामी आत्मानंद स्कूल का बताया जा रहा है। आरोप है कि स्कूल में परोसे गए भोजन में डामर जैसी काली गोलीनुमा वस्तु मिली। भोजन करने के बाद कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने और पेट दर्द की शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। इसके बाद करीब 30 छात्राओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।
रिपोर्ट के बाद ही होगा सच का खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि भोजन में मिली वस्तु वास्तव में डामर की गोली है या कुछ और, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल, छात्राओं के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
