छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में भारी बारिश और कई जगहों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है। अगले 2 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। राजधानी रायपुर में पिछले 3 दिनों से लगातार पानी गिर रहा है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम तापमान 23°C दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक झारखंड और उससे लगे पश्चिम बंगाल में बने डिप्रेशन सिस्टम के असर से बारिश हो रही है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में मूसलाधार बारिश के कारण कन्हर नदी उफान पर है। इस सीजन की सबसे बड़ी बाढ़ के चलते नदी का पानी रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित सीसी रोड तक पहुंच गया है। वहीं, वार्ड क्रमांक 13 में एक मकान अचानक ढह गया। हादसे के दौरान घर के अंदर मौजूद तीन बच्चों की जान बाल-बाल बच गई।
आज भी कई जगह बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 19 अगस्त यानि आज प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। अगले दो दिनों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है।
