रायपुर। रायपुर में सावन की शिवभक्ति का सबसे बड़ा आयोजन 23 अगस्त को देखने को मिलेगा। रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें साल विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के मुताबिक इस बार करीब 10 हजार शिवभक्त कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल होंगे। गुढ़ियारी के मारुति मंगलम से सुबह 9 बजे शुरू होने वाली यात्रा महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
इससे पहले सुबह 8 बजे मारुति मंगलम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दिव्य शिवाभिषेक होगा। इसके बाद कांवड़िये एक समान परिधान में कांवड़ उठाकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ यात्रा के लिए रवाना होंगे।
500 वालंटियर की टीम संभालेगी भीड़ और व्यवस्था
हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति ने व्यवस्था के लिए करीब 500 वालंटियर तैनात करने की तैयारी की है। वालंटियर यात्रा संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। भाजपा रायपुर शहर जिला, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।
यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। इसमें आयोजन की व्यवस्थाओं और अंतिम तैयारियों पर चर्चा की गई।
यूपी से केरल और महाराष्ट्र तक की टीमें दिखाएंगी संस्कृति
इस बार कांवड़ यात्रा में केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों की धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। उत्तर प्रदेश की महाकाल-अघोरी और महाकाली टीम, दिल्ली की महाकाल अघोरी टीम, विशाल नंदी, केरल का भारतनाट्यम और पारंपरिक नृत्य, उज्जैन की डमरू महाकाल सवारी तथा महाराष्ट्र का प्रसिद्ध नागपुर ढोल यात्रा में विशेष आकर्षण रहेंगे।
इसके अलावा खड़गपुर की मां काली टीम और ओडिशा के पारंपरिक दल भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यात्रा में अलग-अलग राज्यों की कला और धार्मिक परंपराओं के जरिए शिवभक्ति का संदेश दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के कलाकार भी दिखाएंगे लोक संस्कृति
कांवड़ यात्रा में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की भी खास झलक देखने को मिलेगी। अंबिकापुर और कोरबा की अघोरी टीम, बेंद्री के लोक कलाकारों की शिव परिवार प्रस्तुति, दुर्ग-भिलाई के धुमाल दल, रायपुर की राधा रानी धुमाल और महाकाल-अघोरी टीम शामिल होंगी। आयोजन में लाइव सिंगिंग और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी।
राम दरबार, शिव परिवार और हनुमान की झांकियां रहेंगी आकर्षण
यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था से जुड़ी कई जीवंत झांकियां भी निकाली जाएंगी। इनमें शिव परिवार, राम-सीता दरबार, हनुमान वानर सेना, मुकुट हनुमान, बाहुबली हनुमान, भगवान परशुराम, जामवंत, गणेश जी, सुग्रीव, भोलेबाबा और महाकाल के स्वरूप शामिल होंगे।इसके साथ 11 घोड़े और 2 बग्घियां भी यात्रा का हिस्सा होंगी। विशाल नंदी की प्रस्तुति भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
मूणत बोले- आठ साल में यात्रा ने लिया जनउत्सव का रूप
राजेश मूणत ने कहा कि पिछले आठ वर्षों से रायपुर में कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। हर साल इसमें शिवभक्तों की संख्या और उत्साह बढ़ रहा है। अब यह यात्रा धार्मिक आयोजन के साथ जनउत्सव का रूप ले चुकी है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ उठाना भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, साधना और समर्पण की अभिव्यक्ति है। इस बार प्रयास है कि यात्रा में शिवभक्ति के साथ देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता की झलक भी दिखाई दे। मूणत ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि यात्रा में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त की सुविधा का ध्यान रखते हुए आयोजन को अनुशासित और व्यवस्थित बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
भाजपा के सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों की रहेगी भागीदारी
बैठक में तय किया गया कि भाजपा रायपुर शहर जिला के साथ युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और अन्य सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
बैठक में भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, विधायक सुनील सोनी, छगन मूंदड़ा, महापौर मीनल चौबे, महिला आयोग अध्यक्ष ममता साहू, लौह अयस्क आयोग अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, किशोर महानंद, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, पश्चिम संयोजक ओंकार बैस, बजरंग खंडेलवाल, गोवर्धन खंडेलवाल और सत्यम दुवा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशु चंद्रवंशी, प्रदीप सिंह, सीमा साहू, महामंत्री अमित मेश्री एवं गुंजन प्रजापति, नवीन शर्मा, श्रद्धा मिश्रा, युवा मोर्चा से अर्पित सूर्यवंशी, ओबीसी मोर्चा से अखिलेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठक में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी होंगे शामिल
बैठक में बताया गया कि कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित मंत्रीगण और रायपुर के विधायकगण के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
