कोरबा। देशभक्ति और जनजागरूकता के संदेश के साथ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) कोरबा के छात्राध्यापकों ने गुरुवार, 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली। प्राचार्य श्री रामहरि सराफ के मार्गदर्शन में आयोजित इस तिरंगा यात्रा में डाइट के छात्राध्यापकों के साथ संस्थान के अकादमिक एवं कार्यालयीन सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा के दौरान उल्लास साक्षरता अभियान और नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को लेकर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उल्लास प्रभारी मनीषा जैन के मार्गदर्शन में छात्राध्यापकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रौढ़ शिक्षा एवं साक्षरता का प्रभावी संदेश दिया।
नाटक में छात्राध्यापकों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि पढ़ने-लिखने में सक्षम न होने के कारण लोगों को रोजमर्रा के जीवन में किन-किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बैंकिंग, दस्तावेजों को समझने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपने अधिकारों की जानकारी हासिल करने जैसी आवश्यकताओं में साक्षरता की भूमिका को रोचक एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि 15 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति निरक्षर न रहे, इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को साक्षरता अभियान से जुड़कर सहयोग करना चाहिए। छात्राध्यापकों ने शिक्षा को आत्मनिर्भरता और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को नवभारत साक्षरता कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एक ओर जहां देशभक्ति की भावना का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर ‘हर व्यक्ति साक्षर, तभी मजबूत समाज’ का संकल्प भी लोगों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम में शामिल सदस्यों ने साक्षरता अभियान को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में लखनलाल धीवर, अरविंद शर्मा, अलकनंदा दत्ता, आशु गुप्ता, पूजा बघेल, रिंकू लोध, नितिशा सुराना, सुहावनी एक्का, मोगरा पटेल, यशोदा देवांगन एवं साहू मैडम सहित संस्थान के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में देशभक्ति, शिक्षा और साक्षरता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
