रायपुर। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना अमर शहीद रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती रविवार को राजधानी रायपुर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिला चिकित्सालय पंडरी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लोधी समाज के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजजनों ने रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके शौर्य और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौर, संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, जोन-3 अध्यक्ष प्रमोद साहू, एमआईसी सदस्य भोला राम साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला अस्पताल के नामकरण की मांग फिर उठी
जयंती समारोह में जिला लोधी समाज ने जिला चिकित्सालय का नाम ‘अमर शहीद वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी’ रखने की मांग एक बार फिर उठाई। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि रानी अवंतीबाई का जीवन साहस, त्याग और देशभक्ति का प्रतीक है। ऐसे में उनके सम्मान में जिला चिकित्सालय का नामकरण किया जाना गौरव की बात होगी।
नगर निगम के सभापति, एमआईसी सदस्य और पार्षदों ने समाजजनों को आश्वस्त किया कि नगर निगम की सामान्य सभा में प्रस्ताव पारित कर नामकरण का प्रकरण छत्तीसगढ़ शासन को भेजने की प्रक्रिया की जाएगी।
प्रतिमा के शिफ्टिंग और सौंदर्यीकरण पर सहमति
कार्यक्रम के दौरान रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा के शिफ्टिंग और आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण का मुद्दा भी सामने आया। सभापति सूर्यकांत राठौर ने इसके लिए सहमति प्रदान की। समाज की ओर से बताया गया कि यह कार्य बंधु जंघेल के नेतृत्व में कराया जाएगा।
शौर्य और बलिदान को किया याद
वक्ताओं ने कहा कि, रानी अवंतीबाई लोधी का जन्म 16 अगस्त 1831 को सिवनी जिले के मनकेड़ी गांव में हुआ था। वे रामगढ़ मंडला की महारानी थीं। वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ मोर्चा संभाला और देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी वीरता और संघर्ष आज भी नारी शक्ति और देशभक्ति की मिसाल है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लोधी समाज के महामंत्री कृष्ण कुमार सिंगौर, जिला अध्यक्ष तेजशंकर पिंटू जंघेल, प्रदेश संगठन मंत्री बंधु जंघेल, लोधी महिला संगठन की महासचिव राजेश्वरी जंघेल, लक्ष्य जिला रायपुर की अध्यक्ष ऊषा जंघेल, लक्ष्य छत्तीसगढ़ संयोजक डॉ. अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी हीरालाल वर्मा सहित रामप्रसाद जंघेल, नरेंद्र जंघेल, देवराज जंघेल, दिनेश वर्मा, गणेश जंघेल, मनोज लोधी, भगवत जंघेल, खिलावन जंघेल, संतोष जंघेल, दूजराम जंघेल, देवेंद्र जंघेल, दयाराम जंघेल, लोकेश जंघेल, कुमारी जंघेल, आशा जंघेल और चंद्रप्रभा जंघेल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
समारोह के समापन पर जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरित किए गए। कार्यक्रम की जानकारी जिला लोधी समाज के महासचिव दीपक जंघेल ने दी।
