रायपुर। अनुशासन, कर्तव्यबोध, देशप्रेम और भारतीय होने के गौरव का पर्व स्वतंत्रता दिवस ज्ञान गंगा एजुकेशनल एकेडमी, रायपुर में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की डायरेक्टर प्रियंका शांडिल्य एवं प्राचार्या प्रतिमा राजगोर द्वारा माँ भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया गया। तिरंगे की आन-बान और शान के बीच राष्ट्रगान हुआ। छात्र-छात्राओं ने मातृभूमि को समर्पित देशभक्ति गीत ‘सारे जहाँ से अच्छा’ प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या प्रतिमा राजगोर ने विद्यार्थियों को वर्तमान वैश्वीकरण के दौर में तकनीकी ज्ञान एवं उच्च शिक्षा के माध्यम से निरंतर विकास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ज्ञानवर्धक एवं प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन में नई ऊँचाइयों को छूने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को अपने देश और भारतीय होने पर सदैव गर्व महसूस करना चाहिए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों से पहले अपने कर्तव्यों के निर्वहन को प्राथमिकता देने की सीख दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं की फोटोग्राफी की गई तथा विद्यार्थियों के बीच मिष्ठान्न का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों में उत्साह और देशभक्ति का भाव देखने को मिला।
