जांजगीर-चांपा। स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रप्रेम के साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़ते हुए जांजगीर-चांपा जिले में विशेष आयोजन किए जाएंगे। शासन के निर्देशानुसार 15 अगस्त को जिले की ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवरों के तट पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में मनरेगा श्रमिकों के साथ पंचायत प्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, युवा, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक शामिल होंगे।
अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यहां होने वाले कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ सामुदायिक भागीदारी और सतत आजीविका गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
ध्वजारोहण के साथ होंगे विविध आयोजन
अमृत सरोवर परिसर में ध्वजारोहण के साथ तिरंगा यात्रा, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और श्रमदान जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इन आयोजनों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को सामाजिक सरोकारों और जनभागीदारी से जोड़ा जाएगा।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का होगा सम्मान
अमृत सरोवर स्थलों पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिवार के सदस्यों के साथ पुरस्कार विजेताओं तथा ग्राम पंचायत के विशिष्ट नागरिकों को आमंत्रित कर सम्मानित करने की पहल की जाएगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों से प्रेरणा दिलाना है।
अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी पर जोर
ग्राम पंचायतों को कार्यक्रमों में अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन आयोजनों के जरिए अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रप्रेम और प्रकृति संरक्षण का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
