रायपुर। अग्रवाल समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन की ओर से 22-23 अगस्त को रायपुर में अखिल भारतीय ऑनलाइन परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल एंट्री पॉइंट में होने वाले सम्मेलन के लिए अब तक 900 से अधिक पंजीयन हो चुके हैं। इनमें करीब 500 युवक और 400 युवतियां शामिल हैं।
सम्मेलन का आयोजन सामाजिक संस्था ‘मंगल परिणय’ के माध्यम से किया जा रहा है। रायपुर में विशेष स्टूडियो बनाया जाएगा, जहां स्थानीय प्रतिभागी पहुंचकर परिचय दे सकेंगे। वहीं देश के अन्य शहरों और विदेशों में रहने वाले युवक-युवतियां जूम के माध्यम से ऑनलाइन जुड़ेंगे।
प्रतिभागियों की सुविधा के लिए डॉक्टर, सीए, इंजीनियर और अन्य प्रोफेशनल्स के साथ विदेशों में रहने वालों के लिए अलग कैटेगरी बनाई गई है। दिव्यांग, विधवा, विधुर और परित्यक्ता-परित्यक्त युवक-युवतियों के लिए भी विशेष श्रेणी रखी गई है।
‘मंगल परिणय’ पिछले छह वर्षों से वैवाहिक समन्वय का कार्य कर रहा है। संस्था के अनुसार अब तक 870 से अधिक सामान्य और 200 से अधिक विशेष श्रेणी के रिश्ते तय हो चुके हैं। विशेष श्रेणी के प्रयासों से करीब 350 बच्चों को दोबारा माता-पिता का स्नेह और पारिवारिक वातावरण मिला है।
आयोजकों ने बताया कि पंजीयन 20 अगस्त तक पूरी तरह निशुल्क रहेगा। इच्छुक परिवार शोभा केडिया (88394 40334), राजेश अग्रवाल (94252 65250) सहित आयोजन टीम से संपर्क कर सकते हैं।
