जरहागाँव/मुंगेली। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जरहागाँव क्षेत्र के ग्राम भठली कला में ‘हरियाली त्यौहार’ के अवसर पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम के श्मशान भूमि परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘एक पेड़, माँ के नाम’ और ‘हरित भविष्य की ओर कदम’ रहा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
आयोजकों ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन आज पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण के साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण भी आवश्यक है।
अभियान के तहत बरगद और कदंब जैसे छायादार एवं पारंपरिक वृक्षों के पौधे रोपित किए गए। उपस्थित ग्रामीणों ने इन पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम के प्रकृति प्रेमियों एवं युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वृक्षारोपण कार्य में ज्वाला प्रसाद कश्यप, ईश्वर साहू, सागर कश्यप, धनेश्वर साहू, मयंक साहू, अरमान साहू, मान्या कश्यप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा साथी सक्रिय रूप से शामिल हुए।
