मुंगेली/चिल्फी। ग्राम सिलतरा में जमीन विवाद को लेकर युवक और उसके पिता पर लोहे के बरछे व लाठी से हमला करने के मामले में चिल्फी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को तोरन खाण्डे अपने पुत्र दीपेन्द्र के साथ खेत में गया था। खेत की जुताई को लेकर रामजी बर्मन, रघुवंश बर्मन, कला बाई और सारिका बर्मन से विवाद हो गया। आरोप है कि रघुवंश ने लोहे के बरछे से दीपेन्द्र के सिर पर वार किया, जबकि रामजी ने लाठी व हाथ-मुक्के से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे तोरन खाण्डे पर भी बरछे से हमला कर चोट पहुंचाई गई।
रिपोर्ट पर थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 96/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस जोड़ी गई। घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और 11 अगस्त को चारों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा और लोहे का बरछा भी जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपियों में रघुवंश बर्मन (24), रामजी बर्मन (52), कला बाई बर्मन (50) और सारिका बर्मन (20) सभी निवासी ग्राम सिलतरा शामिल हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रघुबीर लाल चन्द्रा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
