रायपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी लेंगे। समारोह को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
फुल ड्रेस रिहर्सल में दिखा उत्साह और अनुशासन
मुख्य समारोह से पहले गुरुवार को पुलिस परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जा रही है। रिहर्सल के दौरान जवानों की कदमताल, परेड का निर्धारित क्रम, सलामी और अन्य कार्यक्रमों का अभ्यास किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर समारोह स्थल की व्यवस्थाओं तक सभी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की जा रही है।
17 टोलियां देंगी कदमताल
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की परेड में कुल 17 टोलियां शामिल होंगी। BSF, CRPF, ITBP, CISF और SSB की टुकड़ियां परेड में हिस्सा लेकर सलामी देंगी। वहीं इस बार बिहार पुलिस की टोली भी राजधानी रायपुर में होने वाली परेड का हिस्सा बनेगी।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष एवं महिला टुकड़ियां, जेल पुलिस, नगर सेना और NCC की टुकड़ियां भी परेड में शामिल रहेंगी। फुल ड्रेस रिहर्सल में सभी टुकड़ियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परेड का अभ्यास कर रही हैं।
घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड बढ़ाएंगे समारोह की शोभा
स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डॉग स्क्वायड की टीम अपने प्रशिक्षित श्वानों के जरिए विशेष कौशल का प्रदर्शन करेगी। वहीं घुड़सवार दल की प्रस्तुति समारोह की भव्यता में चार चांद लगाएगी।
IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे परेड की कमान
स्वतंत्रता दिवस परेड की कमान IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे। उनके साथ निशांत कुमार कुर्रे परेड कमांडर-2IC की जिम्मेदारी निभाएंगे। रिहर्सल के दौरान परेड में शामिल सभी टुकड़ियां अनुशासन, कदमताल और निर्धारित क्रम का बारीकी से अभ्यास कर रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष फोकस
मुख्य समारोह को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समारोह स्थल के आसपास सुरक्षा इंतजामों के साथ ही प्रवेश, पार्किंग, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
