रायपुर। भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार किया है। मामले में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, फेसबुक पर अरुण पन्नालाल की ओर से भगवान शिव को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के बाद शुक्रवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उनके निवास का घेराव किया। इसके बाद भाजपा के नेता और प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी सिविल लाइन थाने पहुंचे और मामले में एफआईआर दर्ज कराई।
थाने पहुंचे अमित चिमनानी ने कहा कि वर्तमान में सावन का पवित्र महीना चल रहा है। ऐसे समय में भगवान शिव को लेकर इस तरह की कथित अभद्र टिप्पणी करना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि टिप्पणी इतनी आपत्तिजनक है कि उसे सार्वजनिक रूप से दोहराना भी उचित नहीं है। इसी वजह से वे रात में ही शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और इसके बाद अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया। मामले में सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी पुलिस जांच कर रही है।
