रायपुर। सामाजिक संस्था वक्ता मंच एवं जन एकता फाउंडेशन द्वारा शुक्रवार शाम सुंदर नगर स्थित प्रशामक देखरेख गृह (वृद्धाश्रम) में सेवा, सम्मान और संवेदना से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के सदस्यों ने आश्रम में निवासरत बुजुर्गों के साथ आत्मीयता से समय बिताते हुए खेल, साहित्यिक गतिविधियों, संवाद और मनोरंजक कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान पूरे परिसर में अपनत्व का वातावरण देखने को मिला और बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और पारिवारिक जुड़ाव की भावना को मजबूत करना था। वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने कहा कि समाज के सहयोग और सहभागिता से ही वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों का जीवन अधिक सुखद, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बुजुर्गों को भावनात्मक संबल देने का सशक्त प्रयास हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाजसेवी सरदार जसपाल भामरा के सौजन्य से आश्रम के सभी बुजुर्गों के लिए रात्रि भोज का आयोजन किया गया। संस्था के सदस्यों ने स्वयं अपने हाथों से बुजुर्गों को भोजन परोसा, उनका कुशलक्षेम जाना और आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल पूछा। इस आत्मीय व्यवहार ने उपस्थित बुजुर्गों को भावुक कर दिया और उन्होंने संस्था के इस प्रयास की सराहना की।
वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में सरदार जसपाल सिंह, बलजीत कौर, हर्षपाल सिंह, अवनीत कौर, ज्योति शुक्ला, डॉ. भारती अग्रवाल, डॉ. गोपा शर्मा, हेमलाल पटेल, राजेश्वरी साहू, शिवानी मैत्रा, तामेश्वर साहू, पंकज साहू, यश साहू, परम कुमार, शुभा शुक्ला, निशा, अंकुर शुक्ला, प्रमिला शर्मा, नंदनी शर्मा, प्रमदा ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित प्रबुद्धजनों ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और जीवन मूल्यों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के सेवा और संवेदना से जुड़े आयोजन समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ-साथ बुजुर्गों के जीवन में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।
प्रशामक देखरेख गृह के समग्र विकास और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं मानवीय सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
