रायपुर। भारत सरकार के “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत रायपुर में संकल्प सांस्कृतिक समिति द्वारा व्यापक नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में जनजागरूकता का विस्तार करना था।
समिति की डायरेक्टर मनीषा शर्मा के निर्देशन में संचालित IRCA, ODIC, SLCA एवं CBPLI परियोजनाओं के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ग्रहण की। प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं से भारत सरकार द्वारा जारी नशामुक्ति शपथ-पत्र भी भरवाए गए। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में IRCA, ODIC, SLCA एवं CBPLI परियोजनाओं से जुड़े सभी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उनके सहयोग से अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन अवसर पर संकल्प सांस्कृतिक समिति ने समाज के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं, से नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और इस जनआंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
