रायपुर। शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के नियमित और संविदा कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़िया सर्व समाज महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, वेतन विसंगति और अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान का आग्रह किया है।
रमेश यदु ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कर्मचारियों से किए गए वादों के अनुरूप अब तक उनकी प्रमुख मांगों का निराकरण नहीं हो सका है। इसके चलते शिक्षा विभाग के शिक्षक और संविदा कर्मचारी भविष्य को लेकर चिंतित हैं तथा अपनी जायज मांगों के समर्थन में आंदोलन करने को मजबूर हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लंबे समय तक शिक्षा विभाग का दायित्व संभाल चुके हैं। ऐसे में उन्हें कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द समाधान की दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए।
रमेश यदु ने शिक्षा मंत्री के निजी निवास के सामने हुए प्रदर्शन को अनुचित बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आंदोलन के लिए तूता धरना स्थल, मंत्रालय घेराव, सरकारी आवासों का घेराव और जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन जैसी वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से मौजूद हैं। किसी मंत्री के निजी निवास पर प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक परंपरा के अनुरूप नहीं माना जा सकता।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करेंगे और शीघ्र आवश्यक निर्णय लेकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।
