राजनांदगांव। जिले में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम रीवागहन स्थित शासकीय घास भूमि से राजस्व विभाग की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रीवागहन निवासी संजय वर्मा ने शासकीय घास भूमि पर टीन शेड का निर्माण कर अवैध कब्जा कर रखा था। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से अतिक्रमण हटाकर शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने कहा कि शासकीय भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए जिलेभर में ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
