भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को बिहार सरकार की ओर से बड़ा सम्मान मिला है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार, 24 जुलाई को ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत दोनों खिलाड़ियों को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर नियुक्ति पत्र सौंपा।
पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में आकाश दीप और मुकेश कुमार के अलावा एथलीट पीयूष राज को भी सरकारी सेवा में नियुक्ति दी गई। पीयूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (SI) के पद पर नियुक्त किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहे।
19 खिलाड़ियों को मिला नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान बिहार के कुल 19 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें एथलीट पीयूष राज के अलावा पांच पैरा खिलाड़ी और विभिन्न खेलों से जुड़े अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र और सम्मान राशि भी प्रदान की
बिहार सरकार के अनुसार, पिछले दो वर्षों में विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुल 180 खिलाड़ियों को अलग-अलग सरकारी विभागों में नियुक्ति दी जा चुकी है।
सेतु मिश्रा को मिली 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि
कार्यक्रम में एशियाई अंडर-23 प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई। वहीं, एथलीट विभास्कर कुमार को भी दो लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।
बिहार सरकार ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ-साथ राज्य में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
टीम इंडिया में वापसी पर आकाश दीप और मुकेश कुमार की नजर
भारतीय टीम से फिलहाल बाहर चल रहे आकाश दीप और मुकेश कुमार की नजरें अब राष्ट्रीय टीम में वापसी पर हैं। आकाश दीप आईपीएल 2026 के दौरान चोटिल होने के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। वहीं, मुकेश कुमार ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेला, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।
