रायपुर। राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर थाना प्रभारी यातायात फाफाडीह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन चौक, गुरुद्वारा चौक से संजय गांधी चौक तक सड़क के दोनों ओर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।
अभियान के दौरान सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से लगाए गए हाथ ठेले, गुमटियां तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। इसके अलावा उन व्यापारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिन्होंने अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रखी थी।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश दी गई कि सड़क और फुटपाथ आम नागरिकों के निर्बाध आवागमन के लिए हैं। इन स्थानों पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
संयुक्त कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन चौक, गुरुद्वारा चौक और संजय गांधी चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुगम और व्यवस्थित नजर आई। स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों ने अभियान की सराहना करते हुए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाने की मांग की।
डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा ने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की कि वे सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
