नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सोमवार सुबह से प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के चलते तनावपूर्ण माहौल में रही। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई जगहों पर झड़प जैसी स्थिति देखने को मिली। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी दागे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कई इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे अथवा उन्हें पद से हटाने की है। दूसरी मांग आत्महत्या करने वाले बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की है। तीसरी मांग सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दोबारा जंतर-मंतर लाकर उनका अनशन समाप्त कराने की है।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य सौरव दास ने मुलाकात के बाद बताया कि सरकार की ओर से आगे भी बातचीत जारी रखने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह और आशुषोत रांका दोपहर 12 बजे से जे.पी. नड्डा के आवास पर मौजूद रहे और उन्होंने अपनी सभी मांगें विस्तार से मंत्री के सामने रखीं। उनके अनुसार, मंत्री ने इस मुद्दे पर उचित स्तर पर चर्चा कराने का भरोसा दिया है, लेकिन फिलहाल कोई अंतिम निर्णय या ठोस आश्वासन नहीं मिला है। सौरव दास ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया जाता, तब तक शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं, प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार की ओर से भी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। जे.पी. नड्डा ने कहा कि सीजेपी प्रतिनिधिमंडल के साथ उनकी सकारात्मक और सार्थक बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और संबंधित स्तर पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने तथा धरना समाप्त करने की अपील भी की।
इस बीच प्रशासन ने जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल को खाली करा दिया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। फिलहाल राजधानी में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
