बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के घमनी गांव में हेडमास्टर की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने कथित आरोपियों के घरों में आग लगा दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया। वहीं दमकल की टीम ने पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह पूरा मामला त्रिकुंडा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह शासकीय विद्यालय घमनी-कुमीहा में पदस्थ हेडमास्टर जयकरन जगते रोज की तरह स्कूल जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनका गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
