रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में 81 एकड़ क्षेत्र में टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। यहां वस्त्र उद्योग से जुड़ी बड़ी कंपनियों को आकर्षित करने की तैयारी है। सूरत और कोयम्बटूर के कई प्रमुख टेक्सटाइल समूहों व एसोसिएशनों ने छत्तीसगढ़ में करीब 17 यूनिट स्थापित करने में रुचि दिखाई है। इन कंपनियों के साथ छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सीएसआईडीसी) की चर्चा जारी है।
टेक्सटाइल पार्क के लिए भूखंड आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लेयर-2 में विकसित किए जा रहे इस पार्क में कुल 9 भूखंड उपलब्ध हैं, जिनमें से 3 का आवंटन किया जा चुका है। यहां स्विफ्ट टेक्सटाइल, दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी और पुनीत क्रिएशन जैसी कंपनियां अपनी इकाइयां स्थापित करेंगी। परियोजना में करीब 800 करोड़ रुपए के निवेश का अनुमान है।
स्विफ्ट टेक्सटाइल लगाएगी 235 करोड़ की यूनिट
कुरू में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की वस्त्र निर्माण इकाई का भूमिपूजन हो चुका है। कंपनी करीब 235 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। यूनिट में डेढ़ साल के भीतर उत्पादन शुरू होने की संभावना है। इससे लगभग 5 हजार लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
रेडिमेड गारमेंट जोन भी होगा विकसित
नवा रायपुर के सेक्टर-5 में 20 एकड़ क्षेत्र में रेडिमेड गारमेंट जोन विकसित किया जा रहा है। यहां कुल 30 भूखंड उपलब्ध हैं, जिनमें से करीब 7 भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। इस जोन से राज्य में रेडिमेड गारमेंट उत्पादन और निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
टेक्सटाइल पार्क और रेडिमेड गारमेंट जोन के जरिए करीब 800 करोड़ रुपए के निवेश के साथ लगभग 10 हजार नए रोजगार सृजित होने का अनुमान है। यहां उत्पादन, डाइंग, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा पार्क
टेक्सटाइल पार्क में परीक्षण प्रयोगशाला, डिजाइन केंद्र, प्रशिक्षण केंद्र, व्यापार एवं प्रदर्शनी केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रस्तावित स्थल बेहतर सड़क और रेल नेटवर्क के साथ जल व बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ा हुआ है।
निवेशकों को मेंटेनेंस शुल्क में राहत
निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए टेक्सटाइल पार्क में मेंटेनेंस शुल्क का पुनर्निधारण किया गया है। इसके तहत कंपनियों को करीब 60 से 70 प्रतिशत तक की रियायत देने का निर्णय लिया गया है।
सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार ने बताया कि टेक्सटाइल पार्क के लिए अधोसंरचना विकास का काम तेजी से चल रहा है। कुल 94 एकड़ भूमि उपलब्ध है, जिसमें से 81 एकड़ में टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है, जबकि शेष 13 एकड़ भूमि के आवंटन की प्रक्रिया नवा रायपुर अटल नगर द्वारा की जा रही है।
