रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल मामले की आंच अब मशहूर टीवी होस्ट शेफाली बग्गा तक पहुंच गई है। ईडी आज लगातार तीसरे दिन शेफाली बग्गा से पूछताछ करेगी। इससे पहले दूसरे दिन उनसे करीब आठ घंटे तक गहन पूछताछ की गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी शेफाली बग्गा से विदेश से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के कथित प्रचार-प्रसार और उनसे जुड़े टेलीग्राम चैनलों के संचालन को लेकर सवाल-जवाब कर रही है। जांच एजेंसी को विदेशी नेटवर्क से संचालित बेटिंग प्लेटफॉर्म के प्रमोशन से जुड़े कुछ अहम डिजिटल साक्ष्य भी मिलने की जानकारी सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है।
इस मामले में ईडी का विशेष फोकस खंजन जगदीश कुमार ठक्कर और शेफाली बग्गा के बीच कथित संबंधों पर है। जांच एजेंसी दोनों के बीच वित्तीय लेन-देन, संपर्क और ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क से संभावित कनेक्शन की पड़ताल कर रही है। साथ ही हवाला नेटवर्क और अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए धन के लेन-देन की भी गहन जांच जारी है।
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में ईडी पहले भी कई राज्यों में छापेमारी कर करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। अब जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और एजेंसी इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहराई से जांच कर रही है।
