रायपुर। करीब 6,000 करोड़ रुपये के महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से लगातार दूसरे दिन रायपुर स्थित ईडी के जोनल कार्यालय में पूछताछ की गई। इससे पहले गुरुवार को भी उनसे करीब पांच से छह घंटे तक विस्तृत पूछताछ हुई थी। शुक्रवार को उन्हें दोबारा तलब कर कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर सवाल-जवाब किए गए।
वित्तीय लेन-देन और डिजिटल गतिविधियों पर फोकस
ईडी अधिकारियों ने पूछताछ के दौरान शेफाली बग्गा के वित्तीय लेन-देन, सोशल मीडिया गतिविधियों, ऑनलाइन बेटिंग ऐप के कथित प्रचार-प्रसार, इंटरनेट मीडिया अकाउंट और डिजिटल कम्युनिकेशन से जुड़े कई सवाल किए। एजेंसी यह जानने का प्रयास कर रही है कि उनका महादेव नेटवर्क या उससे जुड़े किसी प्रचार अभियान से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध था या नहीं।
प्रमोशनल वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की फॉरेंसिक जांच
ईडी सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान मिले कुछ डिजिटल साक्ष्यों में शेफाली बग्गा की कथित भूमिका सामने आने के बाद उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया। एजेंसी के पास कुछ ऐसे प्रमोशनल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री मौजूद है, जिनमें कथित रूप से ऑनलाइन बेटिंग ऐप का प्रचार दिखाई देता है। इन सभी डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इन गतिविधियों में उनकी वास्तविक भूमिका क्या थी।
टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में
जांच एजेंसी शेफाली बग्गा से जुड़े एक टेलीग्राम चैनल की भी गहन जांच कर रही है। ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस चैनल के माध्यम से ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े प्रमोशनल कंटेंट, बेटिंग टिप्स या अन्य सामग्री तो साझा नहीं की जाती थी। इसके अलावा उनके मोबाइल फोन, डिजिटल कम्युनिकेशन, ईमेल और आर्थिक लेन-देन का भी तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है।
खंजन ठक्कर से कथित संबंधों की पड़ताल
ईडी जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू महादेव नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से शेफाली बग्गा के कथित संबंध भी हैं। एजेंसी का दावा है कि ठक्कर हवाला नेटवर्क का प्रमुख संचालक रहा है और बेटिंग कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन के संचालन में उसकी अहम भूमिका रही है। ईडी दोनों के बीच संभावित संपर्क, आर्थिक लेन-देन और विदेशी नेटवर्क से जुड़े किसी भी संभावित लिंक की जांच कर रही है।
दुबई और लंदन से संचालित नेटवर्क पर भी नजर
सूत्रों के मुताबिक, ईडी यह भी जांच कर रही है कि दुबई और लंदन से संचालित बताए जा रहे ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के प्रचार-प्रसार में शेफाली बग्गा की कोई भूमिका रही या नहीं। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विदेशी संचालकों और भारत में कथित तौर पर प्रचार करने वाले लोगों के बीच किसी प्रकार का आर्थिक या डिजिटल संबंध मौजूद था या नहीं।
