रायपुर। नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों की समस्याओं और कार्रवाई के बाद उत्पन्न स्थिति से अवगत कराया।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के समक्ष कहा कि बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित परिवारों को कई गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने पूरे मामले में राज्यपाल से हस्तक्षेप करते हुए प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान की मांग की।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, राज्यपाल ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद वे इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा करेंगे। कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के हस्तक्षेप से प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी और मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से भी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नकटी गांव से राजभवन तक करीब 14 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली थी। पदयात्रा वीआईपी चौक होते हुए लोकभवन पहुंची थी, लेकिन उस दिन राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो सकी थी। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के लिए समय मांगा था।
