रायपुर। मौसम विभाग द्वारा रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आगामी तीन दिनों तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने राज्य सरकार और सभी जिला कलेक्टरों से स्कूलों में अग्रिम अवकाश घोषित करने की मांग की है।
इदरीस गांधी ने कहा कि गुरुवार शाम से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी लगातार जारी रही। शुक्रवार सुबह बच्चों को स्कूल पहुंचाने गए अभिभावकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। इसका असर स्कूली वाहनों, ऑटो और अन्य परिवहन साधनों पर भी पड़ा, जिससे बच्चों के आवागमन में दिक्कतें आईं।
उन्होंने कहा कि मौसम विभाग का पूर्वानुमान किसी भी आपदा या परेशानी से बचने के लिए पहले से सतर्क रहने का अवसर देता है। ऐसे में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन को समय रहते निर्णय लेना चाहिए, ताकि बच्चों, अभिभावकों और स्कूल परिवहन से जुड़े लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
