रायपुर। राजधानी रायपुर के संतोषी नगर ब्रिज के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेलीबांधा से आमानाका की ओर जा रहा ट्रक (RJ 31 GB 3122) अचानक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रक ने एक कार (CG 04 MA 3271) को भी टक्कर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में था। संतोषी नगर ब्रिज के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाने की कार्रवाई की गई, जिससे कुछ समय तक इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
हादसे में ट्रक चालक और हेल्पर घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कार सवार सुरक्षित बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
