रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में गुरुवार को आयोजित महाप्रभु श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राज्यपाल रमेन डेका के साथ महोत्सव में शामिल हुए। दोनों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए मंगलकामना की।
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा से जुड़ी सदियों पुरानी और अत्यंत पवित्र ‘छेरा-पहरा’ की परंपरा का निर्वहन किया। इस रस्म के तहत उन्होंने रथ के समक्ष पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए सेवा भाव का संदेश दिया। भारतीय संस्कृति में यह परंपरा इस बात का प्रतीक मानी जाती है कि प्रभु के समक्ष सभी समान हैं और सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
रथ यात्रा के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। “जय जगन्नाथ” के जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रभु के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और रथ यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े तथा प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली का संचार हो।
