होर्मुज स्ट्रेट में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मोंबासा और अल बहिया नाम के दो तेल टैंकरों पर क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि छह भारतीयों सहित कुल आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों का उपचार जारी है।
इस बीच, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने बहरीन स्थित अल-जुफैर सैन्य अड्डे और अमेरिकी नौसेना की फिफ्थ फ्लीट के ठिकाने पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। इसके अलावा, जॉर्डन के एक एयरबेस पर तैनात अमेरिकी सैनिकों और अन्य महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को भी बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है।
उधर, अमेरिका ने भी ईरान के खिलाफ व्यापक जवाबी सैन्य कार्रवाई की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, लगभग पांच घंटे तक चले अभियान के दौरान बुशहर, चाबहार, जास्क, कोनार्क, अबू मूसा और बंदर अब्बास स्थित कई सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए।
