रायपुर। प्रदेश की अग्रणी सामाजिक संस्था वक्ता मंच द्वारा रविवार, 12 जुलाई को प्रातः 11 बजे सिविल लाइंस स्थित वृन्दावन सभागृह में आयोजित भव्य समारोह “अग्रगणी महिला सम्मान 2026” के तहत प्रदेश की 100 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन में सामाजिक सरोकारों से जुड़ी संस्था जन एकता फाउंडेशन पार्टनर की भूमिका निभा रही है।
आयोजन समिति की ओर से राजेश पराते, शुभम साहू, विवेक बेहरा, ज्योति शुक्ला और मनीष अवस्थी ने बताया कि सम्मान के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि वक्ता मंच पिछले दो दशकों से प्रतिवर्ष इस सम्मान समारोह का आयोजन करता आ रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत बाल प्रतिभाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगी। इसके बाद सम्मानित महिलाएं अपने संघर्ष, अनुभव और उपलब्धियों को उपस्थितजनों के साथ साझा करेंगी।
वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने कहा कि अपने परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों से सफलता की नई इबारत लिखने वाली महिलाओं का सम्मान करना नारी शक्ति, संघर्ष, सेवा, आत्मविश्वास और सामाजिक योगदान का सम्मान है। उन्होंने कहा कि आज की नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सशक्त धुरी भी है। नेतृत्व, नवाचार, सेवा और परिश्रम के माध्यम से महिलाएं समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। उनका दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और जुझारूपन ही उनकी सफलता का आधार है।
