रायपुर। प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह इस वर्ष भी पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य स्तरीय समारोह सहित जिला एवं तहसील स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को सुबह 9 बजे राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होगा। समारोह में आकर्षक परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आयोजन होंगे।
समारोह की व्यवस्थाओं के तहत परेड की तैयारी और रिहर्सल की जिम्मेदारी पुलिस उप महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल को पुलिस महानिदेशक के मार्गदर्शन में सौंपी गई है। वहीं सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था का दायित्व पुलिस महानिरीक्षक रायपुर निभाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था और साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिक निगम रायपुर को दी गई है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इनके चयन की जिम्मेदारी स्कूल शिक्षा विभाग और संस्कृति विभाग को सौंपी गई है, जबकि रिहर्सल और अन्य व्यवस्थाएं कलेक्टर रायपुर के निर्देशन में सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला एवं तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग जल्द ही दिशा-निर्देश जारी करेगा। साथ ही वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 7 से 15 अगस्त तक सभी शासकीय कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा। इसके लिए संस्कृति विभाग आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
