रायपुर। राजधानी रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा के दौरान निकाली गई भव्य कलश यात्रा में श्रद्धा और उत्साह के बीच चेन चोर गिरोह ने महिलाओं को अपना निशाना बनाया। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने कम से कम पांच महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन पार कर दी। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई को पुरानी बस्ती स्थित श्री महामाया मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक कलश यात्रा निकाली गई थी। यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए थे। इसी दौरान संजय नगर निवासी ओमकुमारी वर्मा, अर्चना गुप्ता, सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु और बासन साहू सहित कई महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। आशंका जताई जा रही है कि भीड़ में सक्रिय महिला चोर गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि वह कलश यात्रा के दौरान देवकीनंदन ठाकुर के स्वागत का मोबाइल से वीडियो बना रही थीं। इसी बीच उन्हें पीछे खड़ी किसी महिला के गले के पास हाथ लगाने का आभास हुआ, लेकिन भीड़ होने के कारण उन्होंने उस पर ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद जब उन्होंने मोबाइल से सेल्फी ली तो देखा कि उनके गले में केवल तुलसी और रुद्राक्ष की माला थी, जबकि सोने की चेन गायब थी।
ओमकुमारी वर्मा के अनुसार चोरी हुई चेन का वजन लगभग 17.5 ग्राम था, जिसकी मौजूदा कीमत दो लाख रुपये से अधिक है। घटना के बाद वह शिकायत लेकर पहले पुरानी बस्ती थाना पहुंचीं, जहां से उन्हें सिटी कोतवाली थाना भेजा गया। वहां रिपोर्ट दर्ज कराने पर उन्हें पता चला कि उनसे पहले भी कई महिलाएं इसी तरह की चोरी की शिकायत लेकर थाने पहुंच चुकी थीं।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। ऐसे में पूरी संभावना है कि महिला चोरों का कोई संगठित गिरोह भीड़ में सक्रिय था, जिसने सुनियोजित तरीके से महिलाओं को निशाना बनाया। कई अन्य श्रद्धालुओं ने भी अपने जेवर और कीमती सामान चोरी होने की बात कही है।
इधर, सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस कलश यात्रा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही अन्य पीड़ितों की शिकायतों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
