Rajnandgaon News: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना घर पाने का सपना संजोए एक महिला उस समय टूट गई, जब उसे पता चला कि आवास योजना की सूची में उसका नाम शामिल नहीं है। इससे आहत महिला ने अपनी बेटी के साथ मिलकर ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। दोनों ने कथित तौर पर अपने ऊपर मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। हालांकि समय रहते मौजूद लोगों ने उन्हें बचा लिया और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
माँ ने किया बेटी के साथ आत्मदाह की कोशिश
Rajnandgaon News: मिली जानकारी के अनुसार, शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर पुलिस चौकी सोमनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डिलापाहरी में बुधवार शाम यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि महिला पिछले करीब 15 वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान मिलने का इंतजार कर रही थी। जब उसे यह जानकारी मिली कि, उसका नाम आवास सूची में नहीं है, तो वह मानसिक रूप से टूट गई और अपनी बेटी के साथ आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।
Read Also- महतारी वंदन योजना में फिर जुड़ेंगे नए नाम, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कब से खुलेगा पोर्टल…
स्थानीय लोगों ने दोनों को बचाया
Rajnandgaon News: घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से महिला और उसकी बेटी को बचा लिया गया। इसके बाद महिला को प्राथमिक उपचार के लिए बसंतपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घटना का कारण प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलना बताया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि, महिला का नाम सूची में क्यों नहीं आया और पूरे मामले की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।
