Padma Awards 2026: मंगलवार (23 जून) को नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह पद्म पुरस्कार 2026 का आयोजन किया गया जिसमें शेष विजेताओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया। इस समारोह में साउथ अभिनेता ममूटी, प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक, क्रिकेटर रोहित शर्मा समेत कई दिग्गज हस्तियों को उनके कला क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
ममूटी को मिला पद्म भूषण, एक्टर दुलकर सलमान मौजूद
Padma Awards 2026: मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म भूषण से सम्मानित किया। इस खास मौके पर उनकी पत्नी सुल्फथ, बेटे और अभिनेता दुलकर सलमान तथा बेटी सुरु्मी भी समारोह में मौजूद रहे। ममूटी को भारतीय सिनेमा में उनके लंबे और उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
अलका याज्ञनिक को भी पद्म भूषण से नवाजा गया
प्रसिद्ध पार्श्व गायिका अलका याज्ञनिक को भी पद्म भूषण पुरस्कार प्रदान किया गया। पिछले कुछ वर्षों से सुनने संबंधी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहीं अलका को मंच तक एक सहायक के साथ ले जाया गया। मंच पर जाने से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिवादन किया और उनके चरण स्पर्श कर सम्मान व्यक्त किया। संगीत जगत में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया। वरिष्ठ अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया गया। उनके परिजनों ने यह सम्मान ग्रहण किया।
आर. माधवन और रोहित शर्मा समेत कई नाम शामिल
समारोह के दौरान कुल 65 पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 56 पद्म श्री शामिल हैं। अभिनेता-निर्देशक आर. माधवन को पद्म श्री से सम्मानित किया गया, जबकि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा भी पुरस्कार प्राप्त करने वालों में शामिल रहे।
पहले समारोह में भी कई दिग्गजों को मिला था सम्मान
Padma Awards 2026: इससे पहले 26 मई को आयोजित पहले नागरिक अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति ने 66 पद्म पुरस्कार प्रदान किए थे। उस समारोह में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उनकी पत्नी और अभिनेत्री-राजनेता हेमा मालिनी ने उनकी ओर से पुरस्कार ग्रहण किया था।
इसके अलावा विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे को मरणोपरांत पद्म भूषण प्रदान किया गया, जिसे उनकी पत्नी नीता पांडे ने स्वीकार किया। अभिनेता और निर्देशक प्रसेंजीत चटर्जी को भी पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।
