रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संकल्प सांस्कृतिक समिति की डायरेक्टर मनीषा शर्मा के निर्देशन में संकल्प नशा मुक्ति सह पुनर्वास केंद्र में विशेष योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संकल्प नशा मुक्ति केंद्र के उपचारार्थियों के साथ-साथ ODIC, CBPLI एवं SLCA के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने प्राणायाम, वृक्षासन, ताड़ासन, अनुलोम-विलोम, धनुरासन, योग मुद्रा सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इस अवसर पर मनीष अवस्थी ने योग के विभिन्न आसनों के माध्यम से रोग नियंत्रण एवं स्वास्थ्य लाभ की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों एवं उपचारार्थियों ने अपने दैनिक जीवन में नियमित रूप से योग को अपनाने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन जीने की शपथ ली। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।
