मुंगेली। सरगांव के रामबोड़ स्थित कुसुम स्मेल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड में नियमित मेंटेनेंस कार्य के दौरान हुए औद्योगिक हादसे में तीन कर्मचारी आंशिक रूप से झुलस गए। घटना 18 जून की सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लांट में कीलन डिस्चार्ज गेट जाम होने के कारण उसका मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान गेट अचानक खुल गया, जिससे गर्म स्पंज आयरन की तीव्र गर्मी बाहर निकल गई और वहां कार्यरत तीन कर्मचारी उसकी चपेट में आकर आंशिक रूप से झुलस गए।
घायलों की पहचान अमित कुमार (जिला औरंगाबाद, बिहार), योगेश मीणा (जिला होशंगाबाद, मध्य प्रदेश) तथा अमरेश दत्ता (जिला बालेश्वर, ओडिशा) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद कंपनी प्रबंधन ने एम्बुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को उपचार के लिए अपोलो अस्पताल पहुंचाया। इनमें से अमित कुमार को बेहतर उपचार हेतु रायपुर के कालड़ा अस्पताल रेफर किया गया।
Read Also- दो वर्षों से अधूरा पड़ा स्कूल का अहाता और शौचालय निर्माण, नायब तहसीलदार ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सभी घायल खतरे से बाहर हैं तथा उनकी स्थिति सामान्य और स्थिर है। जिला प्रशासन द्वारा घायलों के उपचार और आवश्यक सहायता की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। वहीं, दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार की जा रही है।
