हरियाणा के सोनीपत से कानून को हाथ में लेने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने दो युवकों को दबोचकर अमानवीय यातनाएं दीं। लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बजाय खुद ही अदालत लगा ली। दोनों युवकों को निर्वस्त्र किया गया, उनके हाथ-पैर मोड़कर बीच में डंडा फंसाया और फिर रस्सियों से जकड़कर भीषण गर्मी में खुले खेत में बैठा दिया। इस बर्बरता का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चोरी की बात कबूलवाने के लिए की बारी-बारी से पिटाई
यह पूरा मामला सोनीपत के मेहंदीपुर गांव का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ग्रामीण दोनों युवकों को घेरकर खड़े हैं और उनके साथ लगातार मारपीट कर रहे हैं।
यातनाओं के बीच दोनों युवकों को रस्सी से बांधकर जमीन पर डाल दिया गया और उनसे जबरन अपराध स्वीकार करने का दबाव बनाया गया। इस दौरान पिटाई के खौफ से कांपता हुआ एक युवक ग्रामीणों के आगे गिड़गिड़ाता रहा कि चाचा मैं कहीं भागकर नहीं जाऊंगा, यहीं बैठ जाता हूं, बस मेरे हाथ बांध दो।
वीडियो में युवकों ने खुद को बताया मुरथल का निवासी
वीडियो में ग्रामीण दोनों बंधक युवकों से उनके परिवार, जाति और गांव के बारे में पूछताछ करते दिख रहे हैं। पूछताछ में युवकों ने खुद को मुरथल का रहने वाला बताया। एक युवक ने डरते-डरते अपने पिता का नाम सत्यनारायण और दादा का नाम सिंहराम बताया। जब ग्रामीणों ने उससे संपर्क के लिए मोबाइल नंबर मांगा तो उसने पास में कोई फोन न होने की बात कही।
कड़कती धूप में कपड़े उतरवाकर दी यातना खेतों के बीच ले जाकर दोनों संदिग्धों के सारे कपड़े उतरवा दिए गए। इसके बाद लाठी-डंडों के दम पर उनके शरीर को मोड़कर बांधा गया और तपती दोपहरी में बिठा दिया गया। मार के डर से दोनों युवक रोते हुए बार-बार अपने हाथ खोलने की भीख मांगते रहे।
दबाव के बीच दोनों आरोपी चोरी की योजना बनाने का ठीकरा एक-दूसरे के सिर फोड़ते नजर आए। एक ने कहा कि दूसरा उसे बहलाकर लाया था और पहले उसने ही ट्यूबवेल की रेकी की थी।
सरपंच का दावा- इलाके में अब तक हो चुकी हैं 99 चोरियां
मेहंदीपुर गांव के सरपंच रमेश ने इस घटनाक्रम पर अपनी बात रखते हुए कहा कि मेहंदीपुर, गढ़ी और बख्तावरपुर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में काफी समय से चोर गिरोह सक्रिय है। किसानों के खेतों से लगातार बिजली के केबल, कीमती तार और ट्यूबवेल की मोटरें गायब हो रही थीं, जिससे किसान बेहद आक्रोशित थे। सरपंच का दावा है कि इन क्षेत्रों में अब तक चोरी की करीब 99 वारदातें हो चुकी हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, मेहंदीपुर के रहने वाले आजाद के खेत से भी मोटर चोरी हुई थी और ये दोनों युवक उसी मोटर को आगे बेचने की फिराक में घूम रहे थे, तभी ग्रामीणों ने इन्हें दबोच लिया। लोगों का यह भी आरोप है कि दोनों युवक नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते हैं।
20 दिन पुराना है वीडियो, पुलिस के पास नहीं पहुंची शिकायत
सरपंच रमेश के मुताबिक सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा यह वीडियो करीब 18 से 20 दिन पुराना है। पकड़े जाने के बाद भी ग्रामीणों ने कानूनन कार्रवाई के लिए पुलिस से संपर्क नहीं किया था।
वहीं, इस पूरे मामले पर मुरथल थाना प्रभारी का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए यह मामला संज्ञान में आया है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष (न तो ग्रामीणों और न ही पीड़ित युवकों) की तरफ से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यदि कोई भी शिकायतकर्ता सामने आता है, तो मामले की सत्यता जांचकर उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
