राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र स्थित मनगट्टा के विसली वुड रिसॉर्ट में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान भिलाई निवासी मुस्कान तिवारी (24) के रूप में हुई है। युवती अपने कुछ साथियों के साथ रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी, लेकिन घटना के बाद उसके साथ आए लोग मौके से चले गए, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जांच के बाद डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह मुस्कान तिवारी को गंभीर हालत में मनगट्टा क्षेत्र से मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
बाथरूम में बेहोश मिली युवती
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि, मुस्कान अपने कुछ परिचितों के साथ विसली वुड रिसॉर्ट में रुकी हुई थी। देर रात वह बाथरूम गई थी, जहां बाद में वह बेहोशी की हालत में मिली। सुबह करीब 8 बजे उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
लोगों की तलाश कर रही पुलिस
मामले में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि, युवती के साथ रिसॉर्ट पहुंचे अन्य लोग सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है और उनसे पूछताछ के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।
