सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। जहां एक कलयुगी बेटे ने पैसों की मांग पूरी नहीं होने पर अपनी ही बुजुर्ग मां की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने गुस्से में आकर पत्थर से मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
पैसे नहीं देने पर शुरू हुआ खूनी खेल
मिली जानकारी के अनुसार, डभरा थाना अंतर्गत ग्राम भेडिकोना निवासी तिहारिन बाई माली (65 वर्ष) अपने घर में थीं। इसी दौरान उनके बेटे लखन माली (25 वर्ष) ने उनसे पैसों की मांग की। मां द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि, आरोपी बेटे ने पास में पड़े पत्थर से अपनी मां के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं मौके पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे लखन माली को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
