अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्ध खत्म कर दिया है। एक वर्चुअल रैली में ट्रम्प ने अपने समर्थकों से यह बात कही। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा।
ईरान ने ट्रम्प के इस दावे को खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा कि शांति समझौते पर अभी कोई आखिरी फैसला नहीं लिया गया है।
इससे पहले ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा था कि सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने नई डील को मंजूरी कर लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के साथ शांति समझौते पर इसी सप्ताह यूरोप में साइन हो सकता है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी इसमें शामिल होंगे।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…
- अमेरिकी हमलों में 3 भारतीय नाविकों की मौत: अमेरिकी सेना ने 10 जून को ओमान तट के पास भारतीय क्रू मेंबर वाले सेटेबेलो जहाज पर हमला किया। गुरुवार को 3 भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हुई।
- होर्मुज के पास 4 दिन में 3 जहाजों पर हमला: अमेरिकी सेना ने मैरीवेक्स, सेटेबेलो और जलवीर नाम के जहाज पर हमला किया। इन जहाजों पर करीब 70 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे।
- भारत ने अमेरिकी राजदूत को तलब किया : भारतीय क्रू वाले जहाज MT जलवीर पर हमले के बाद भारत ने अमेरिकी राजदूत को तलब किया और जहाजों पर हमले तुरंत रोकने की मांग की।
- ईरान पर सबसे बड़े हमले की धमकी: ट्रम्प ने ईरान के तेल ठिकानों पर कब्जा करने की धमकी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि वे आज रात ईरान पर सबसे बड़ा हमला करेंगे।
- हमले से पलटे ट्रम्प: ट्रम्प ने 5 घंटे बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान के खिलाफ नए हवाई हमले करने का फैसला रद्द कर दिया है। उनकी ईरानी लीडरशिप से बातचीत काफी आगे बढ़ गई है।
