भिलाई के नेहरू नगर रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान सेक्टर-7 निवासी बृजेश सिंह (55) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव रिश्तेदारों को सौंप दिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार शाम करीब 7:45 बजे से 8:30 बजे के बीच हुई।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
शुरुआती जांच में पुलिस को मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि बृजेश सिंह रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे और उसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घर से 1 KM दूर रेलवे ट्रैक पर मिला शव
बृजेश सिंह निजी कंपनी में नौकरी करते थे, जिस स्थान पर उनका शव मिला, वह उनके घर से करीब एक किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह उस समय वहां किस वजह से पहुंचे थे। अब पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
