रायपुर। शहर में आवारा कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर अक्सर सामने आने वाले विवादों के बीच नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन में नगर निगम ने शहर के सभी 70 वार्डों में स्ट्रीट डॉग्स के लिए फीडिंग जोन निर्धारित कर दिए हैं। इन स्थानों पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि लोग तय स्थानों पर ही कुत्तों को भोजन करा सकें।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, फीडिंग जोन बनाए जाने का मुख्य उद्देश्य पशु प्रेमियों और स्थानीय रहवासियों के बीच होने वाले विवादों को कम करना है। साथ ही आवारा कुत्तों के प्रबंधन, निगरानी और देखरेख की व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
सभी जोनों में चिन्हित किए गए स्थान
नगर निगम ने जोन-1 से जोन-10 तक सभी वार्डों में फीडिंग जोन के लिए स्थान तय किए हैं। इनमें बाजार क्षेत्र, खेल मैदान, तालाब परिसर, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम और खाली प्लॉट जैसी जगहों को शामिल किया गया है। निगम का कहना है कि नागरिक इन निर्धारित स्थानों पर ही स्ट्रीट डॉग्स को भोजन करा सकेंगे।
शिकायतों पर जारी रहेगी कार्रवाई
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आवारा कुत्तों से जुड़ी शिकायतों पर पहले की तरह कार्रवाई जारी रहेगी। शिकायत मिलने पर संबंधित क्षेत्र से कुत्तों को पकड़कर एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) नियमों के तहत उनकी जांच और उपचार किया जाएगा।
इस प्रक्रिया के तहत कुत्तों की डी-वॉर्मिंग (कृमिनाशक उपचार), एंटी रेबीज टीकाकरण और नसबंदी जैसी आवश्यक प्रक्रियाएं कराई जा रही हैं।
विवादों के समाधान की दिशा में पहल
शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों को भोजन कराने को लेकर पशु प्रेमियों और रहवासियों के बीच लंबे समय से विवाद की स्थिति बनती रही है। कई शिकायतें नगर निगम तक भी पहुंची थीं। ऐसे में हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद निगम ने सभी वार्डों में निर्धारित स्थान चिन्हित कर भोजन कराने की व्यवस्था को नियंत्रित और व्यवस्थित बनाने की पहल की है।
वार्डवार जानकारी उपलब्ध
नगर निगम के अनुसार, सभी 70 वार्डों के फीडिंग जोन की जानकारी संबंधित क्षेत्रों में लगाए गए सूचना बोर्डों तथा जोन कार्यालयों में उपलब्ध है। नागरिक अपने वार्ड के फीडिंग जोन की जानकारी संबंधित जोन कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
प्रमुख बिंदु
- रायपुर के सभी 70 वार्डों में स्ट्रीट डॉग फीडिंग जोन निर्धारित।
- हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद नगर निगम ने किया चिन्हांकन।
- निर्धारित स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए गए।
- आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
- कुत्तों के टीकाकरण, डी-वॉर्मिंग और नसबंदी की प्रक्रिया जारी।
