नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। देश में लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं और इसी के साथ वह स्वतंत्र भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले मोदी ने 9 जून 2026 तक कुल 4,398 दिनों का कार्यकाल पूरा कर लिया है।
इस उपलब्धि के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, जो उन्होंने 1952 से 1964 के बीच निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में बनाया था। नेहरू ने 13 मई 1952 से लगातार 4,397 दिनों तक प्रधानमंत्री पद संभाला था। हालांकि उनका कुल कार्यकाल 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक 6,130 दिनों का रहा, लेकिन शुरुआती लगभग पांच वर्ष अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में गिने जाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने 9 जून 2024 को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली थी। संयोग से 9 जून 2026 को उनके शासन के 12 वर्ष भी पूरे हो गए हैं।
इस अवसर पर एनडीए 10 जून को अपने सहयोगी दलों और शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक आयोजित करेगा। बैठक में गठबंधन की एकजुटता प्रदर्शित करने के साथ-साथ केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू एक प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे, जिसका अन्य सहयोगी दल समर्थन करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले जुलाई 2025 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लगातार 4,077 दिनों तक प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ चुके हैं। वह भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी बन चुके हैं।
मार्च 2026 में उन्होंने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके संयुक्त कार्यकाल ने 8,931 दिनों का आंकड़ा पार कर लिया, जिससे उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
इसके अलावा, वर्ष 2024 में नरेंद्र मोदी पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाद लगातार तीन लोकसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) में अपने नेतृत्व में जीत दर्ज कर तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले देश के दूसरे नेता बने। वह भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री भी हैं जिनका जन्म स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद, 17 सितंबर 1950 को हुआ था।
