रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने इस बार भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को अपना निशाना बनाया। आरोपी ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता का निजी सहायक (पीए) बताकर विधायक से डीजल भरवाने के नाम पर पैसे ट्रांसफर करवा लिए। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन किया और खुद को भाजपा के एक बड़े नेता का पीए बताया। बातचीत के दौरान उसने कहा कि वह परिवार के साथ भुवनेश्वर जा रहा है, लेकिन रास्ते में ड्राइवर से विवाद हो गया है और वह मुश्किल में फंस गया है। आरोपी ने तत्काल डीजल भरवाने के लिए पैसों की जरूरत बताते हुए मदद मांगी।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले 4,500 रुपए की मांग की थी, लेकिन परेशानी को देखते हुए विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए। कुछ देर बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग की, जिससे विधायक को शक हुआ।
सोशल मीडिया प्रोफाइल देखकर हुआ भरोसा
विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं। इनमें भाजपा नेता नितिन नवीन समेत कई नेताओं के साथ फोटो शामिल थीं, जिससे उस पर आसानी से भरोसा हो गया। आरोपी ने खुद को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया था।
हालांकि, डेढ़ घंटे बाद जब आरोपी ने फिर से पैसे मांगे तो मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद विधायक ने सीधे नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क कर संबंधित व्यक्ति के बारे में जानकारी ली। वहां से पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति कार्यालय में कार्यरत ही नहीं है। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
खम्हारडीह थाने में दर्ज हुई एफआईआर
मामले की जानकारी मिलते ही सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खाते और सोशल मीडिया प्रोफाइल के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है।
विधायक ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से कॉल आने पर या पैसों की मांग किए जाने पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान और जानकारी की पुष्टि करें, उसके बाद ही किसी प्रकार का आर्थिक लेनदेन करें।
उन्होंने कहा कि आजकल ठग सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए हर व्यक्ति को सतर्क रहने की जरूरत है।
हाल ही में भाजपा नेताओं को बनाया गया था निशाना
गौरतलब है कि राजधानी रायपुर में हाल के दिनों में भाजपा नेताओं से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ भी लूट की वारदात हुई थी। देवेंद्र नगर इलाके में मॉर्निंग वॉक के दौरान बदमाश उनका आईफोन लूटकर फरार हो गए थे। हालांकि पुलिस ने आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
