वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी हत्या की कोई भी कोशिश की गई, तो अमेरिका ऐसी सैन्य कार्रवाई करेगा, जैसी दुनिया ने पहले कभी नहीं देखी होगी।
ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जारी बयान में कहा कि यदि ईरान उनकी हत्या का प्रयास करता है, तो अमेरिका ईरान के खिलाफ पूरी ताकत से जवाब देगा। उन्होंने दावा किया कि संभावित जवाबी कार्रवाई के लिए सभी आवश्यक निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं और अमेरिकी सेना हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
अपने बयान में ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि ईरान की ओर से 1,000 मिसाइलें तैयार रखी गई हैं और आवश्यकता पड़ने पर हजारों अतिरिक्त मिसाइलें भी दागी जा सकती हैं। हालांकि, उन्होंने इस दावे के समर्थन में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया।
इस बीच, इजराइली मीडिया कान न्यूज की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका ने इजराइल से अपने 12 एफ-22 स्टेल्थ फाइटर जेट वापस बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये अत्याधुनिक लड़ाकू विमान फरवरी से इजराइल के ओवदा एयरबेस पर तैनात थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, इन विमानों को ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य अभियान के मद्देनजर तैनात किया गया था और उन्होंने हालिया सैन्य अभियानों में भी हिस्सा लिया था। हालांकि, अमेरिका या इजराइल की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
