रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर गंज थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। जहां एक युवती ने होटल की दूसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड स्थित सिद्धि विनायक होटल में ठहरी 25 वर्षीय युवती हनी गुप्ता ने होटल की छत से छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद वह जीआरपी एसपी आॅफिस कैंपस में गिरी। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद मौके पर मौजूद जीआरपी के जवानों ने उसे तत्काल आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि, युवती बाइपोलर डिसऑर्डर जैसी गंभीर मानसिक बीमारी से जूझ रही थी। यह बीमारी व्यक्ति के व्यवहार और मानसिक स्थिति पर गहरा असर डालती है, जिसमें अचानक अवसाद या अत्यधिक उत्तेजना की स्थिति बन सकती है।
पुलिस के अनुसार, युवती मूलत: रायगढ़ की रहने वाली थी और रायपुर के सड्डू स्थित कचना इलाके में अपने पिता और दो भाइयों के साथ रह रही थी। उसके माता पिता का तलाक हो चुका है। युवती पिछले कुछ दिनों से होटल में ठहरी हुई थी, हालांकि वह होटल कैसे पहुंची और वहां ठहरने की वजह क्या थी, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो पाया है। घटना के बाद गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती के पास से होटल के कमरे की चाबी बरामद हुई है और होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
