रायपुर के कचना स्थित स्वस्तिक नगर में पिछले एक साल से पेयजल संकट बना हुआ है। हालात यह है कि, करीब 850 परिवार एकमात्र बोर पर निर्भर है। पानी की किल्लत के कारण रोजमर्रा के जीवन में दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। कई घरों में पानी को लेकर विवाद की स्थिति बन रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि, समस्या को लेकर जोन क्रमांक-09 और नगर निगम मुख्यालय में कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। अधिकारियों की ओर से सिर्फ आश्वासन मिले और पूरा साल बीत गया।
लोगों से मिलने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष
पेयजल समस्या की जानकारी मिलने पर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी स्वस्तिक नगर पहुंचे और रहवासियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा कर टैंकरों के माध्यम से तत्काल पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
Read Also- प्रयोगशाला परिचारक भर्ती: 254 चयनित अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण चरण, दस्तावेज़ सत्यापन की अंतिम तिथि 6 फरवरी निर्धारित
आकाश तिवारी ने कहा कि, यह सिर्फ एक कॉलोनी की समस्या नहीं, बल्कि प्रशासन की जिम्मेदारी से जुड़ा मामला है। ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद अगर लोगों को पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, तो यह गंभीर लापरवाही है।
बोर खनन की मांग, आंदोलन की चेतावनी
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, स्वस्तिक नगर में स्थायी समाधान के लिए बोर खनन जरूरी है। इसके लिए वे रहवासियों के साथ खड़े हैं और हर स्तर पर प्रयास करेंगे। यदि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस मामले में उदासीन रहे, तो नगर निगम मुख्यालय का घेराव भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि, अभी गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है और पानी की समस्या गहराती जा रही है। ऐसे में आम जनता के हित में पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता। स्वस्तिक नगर में बोर होगा और लोगों को राहत दिलाई जाएगी।
