रायपुर। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी और रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम जोन-6 के शहीद ब्रिगेडियर उस्मान वार्ड क्रमांक 63 स्थित नंदी चौक, टिकरापारा में पहुंचकर लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
इस दौरान वार्ड क्रमांक 63 में छह अलग-अलग स्थानों पर नए आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की शुरुआत की गई, जिन पर लगभग 75 लाख रुपये की लागत आएगी। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, जोन-6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, वार्ड पार्षद प्रमोद कुमार साहू, स्वप्निल मिश्रा, रवि सोनकर, पूर्व पार्षद चंद्रपाल धनगर, मंडल अध्यक्ष केदार धनगर, जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुनील सोनी ने नगर निगम क्षेत्र के शासकीय स्कूलों को सर्व शिक्षा अभियान के तहत मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने अपने महापौर कार्यकाल के दौरान स्कूली बच्चों से प्रत्यक्ष संवाद, स्वच्छता अभियान, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण और कंप्यूटर उपलब्ध कराने जैसे कार्यों का उल्लेख किया।
Read Also- धान बेचने का टोकन नहीं मिला तो टावर पर चढ़ा किसान, 120 फीट की ऊंचाई पर 3 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
विधायक ने कहा कि घनी आबादी वाले वार्डों में यह सुनिश्चित करना सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी सोच के तहत वार्ड 63 में छह स्थानों पर नए आंगनबाड़ी केंद्र शीघ्र निर्मित किए जाएंगे। उन्होंने महिलाओं से बच्चों को आंगनबाड़ी और स्कूल से जोड़ने का आह्वान किया।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि एक ही वार्ड में छह नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण प्रारंभ होना अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। यह विधायक सुनील सोनी और पार्षद प्रमोद कुमार साहू के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने वार्ड के विकास हेतु पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने के लिए विधायक का आभार जताया।
महापौर ने नंदी चौक, टिकरापारा में भगवान शिव के वाहन नंदी महाराज की प्रतिमा पार्षद निधि से स्थापित करने के संकल्प को भी सराहनीय बताया और इसे वार्ड के विकास की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि उनके वार्ड में अब तक आंगनबाड़ी केंद्र नहीं बन पाया है क्योंकि क्षेत्र रेलवे भूमि के अंतर्गत आता है। उन्होंने पार्षद प्रमोद कुमार साहू को पहले ही कार्यकाल में छह आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की शुरुआत कराने पर बधाई दी और वार्डवासियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मोर जमीन मोर मकान घटक के तहत वार्ड के पात्र हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को गैस सिलेंडर और चूल्हा प्रदान किया गया।
पार्षद प्रमोद कुमार साहू ने लगभग एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किए जाने पर सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और टिकरापारा नंदी चौक क्षेत्र में लगने वाले सब्जी बाजार के शीघ्र व्यवस्थापन की मांग रखी।
