रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम 23 जनवरी को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रोमांच का गवाह बनने जा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने इस बार सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कोई भी ढिलाई नहीं बरतने का निर्णय लिया है। पिछली गलतियों से सबक लेते हुए संघ ने दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक और सख्त इंतजाम किए हैं।
क्रिकेट संघ ने साफ शब्दों में निर्देश जारी किए हैं कि, मैच की पहली पारी समाप्त होते ही स्टेडियम के गेट बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद किसी भी दर्शक को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। अव्यवस्था और भीड़ पर नियंत्रण के उद्देश्य से लिया गया यह फैसला मैच संचालन को सुचारू बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था होगी अभेद्य
स्टेडियम और उसके आसपास की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए 350 से अधिक प्राइवेट बाउंसर्स तैनात किए जायेंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के 45 अधिकारी पूरे आयोजन के दौरान मैदान और स्टैंड में मौजूद रहेंगे। स्टेडियम के सभी 13 प्रवेश द्वारों पर लोहे की मजबूत रेलिंग लगाई गई है, ताकि अवैध प्रवेश की किसी भी संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
Read Also- शहर में खुलेआम बिक रहा था प्रतिबंधित चाइनीज मांझा, हादसे के बाद प्रशासन सख्त
एंट्री गेटों पर तिहरी सुरक्षा व्यवस्था
दर्शकों की सुरक्षित और व्यवस्थित एंट्री सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल, प्राइवेट सुरक्षा गार्ड और क्रिकेट संघ के कर्मचारियों की संयुक्त तैनाती रहेगी। हर दर्शक की सघन जांच की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
खाने-पीने की चीजों पर कड़ी निगरानी
पिछले मुकाबलों के दौरान महंगे दामों पर खाद्य सामग्री बेचने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए इस बार खाने-पीने की वस्तुओं की दरें तय कर दी गई हैं। निर्धारित कीमतों से अधिक वसूली करने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दर्शकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
CSCS की 45 सदस्यीय विशेष टीम मैदान में रहेगी तैनात
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विजय शाह ने बताया कि पिछली बार सुरक्षा को लेकर कुछ खामियां सामने आई थीं, जिस पर बीसीसीआई ने भी आपत्ति जताई थी। इस बार संघ ने हर स्तर पर तैयारी को मजबूत किया है। CSCS की 45 सदस्यीय टीम पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर पूरे स्टेडियम की निगरानी करेगी।
Read Also- CG NEWS: शिक्षा के साथ संस्कार का होना आवश्यक- टंकराम वर्मा
अवैध एंट्री पर पूरी तरह लगेगी लगाम
बिना टिकट दर्शकों की भीड़ द्वारा दीवार फांदकर प्रवेश करने जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए इस बार सभी गेटों पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। लोहे की रेलिंग, अतिरिक्त सुरक्षा बल और सतत निगरानी से स्टैंड ओवरफ्लो जैसी स्थिति से बचा जाएगा।
टीमों का तय कार्यक्रम
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 21 जनवरी को नागपुर में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 22 जनवरी को रायपुर पहुंचेंगी। टीमों के सुबह-दोपहर आगमन के बाद शाम को स्टेडियम में अभ्यास सत्र आयोजित किया जाएगा।
स्टेडियम में पूरी तरह प्रतिबंधित वस्तुएं
दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोतलें, लाइटर, सिगरेट, टिन-कैन, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट, ज्वलनशील, जहरीले और खतरनाक पदार्थ, मेटल कंटेनर, छतरी, नुकीली वस्तुएं, कैमरा, पावर बैंक, हेलमेट, सेल्फी स्टिक, लकड़ी की छड़ी, बैकपैक, सिक्के, पटाखे और हथियार स्टेडियम में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
