जांजगीर-चांपा। जिले के बोडसरा गांव स्थित देशी शराब दुकान में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने ढाई लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। चोरी की सूचना मिलने के बाद नैला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रेमानंद महाराज का नीयर डेथ एक्सपीरियंस पर बयान: मृत्यु के बाद वापसी सिर्फ भ्रम
शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि अपराधियों की पहचान हो सके। वहीं, दुकान की सुरक्षा में तैनात दो कर्मियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है, क्योंकि चोरी के वक्त दोनों कर्मी परिसर के अंदर सोते रहे और चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
चौंकाने वाली बात यह है कि सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद चोरी की घटना हो जाना पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर रहा है। जिले में लगातार बढ़ रहे आपराधिक मामलों के बीच यह घटना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान जैसे संवेदनशील स्थान पर इतनी बड़ी राशि की सुरक्षा में चूक होना बड़ी लापरवाही है।
पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करना शुरू कर दिया है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। इलाके के सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोग प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी की मांग कर रहे हैं।
