सिमगा। ग्राम तोरा में हुए प्राणघातक हमले के मामले में फरार चल रहे अंतिम आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 16 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
इस संबंध में प्रार्थी अमन मंडले ने 5 जुलाई को थाना सिमगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया कि रात करीब 8 बजे दो ईको वाहन में सवार होकर 16 आरोपी वहां पहुंचे और प्रार्थी व उसके परिवार पर अचानक हमला कर दिया।* आरोपियों ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए हाथ, मुक्का, डंडा और नुकीली धातु से हमला किया, जिसमें गंभीर रूप से घायल तमराज महिपाल को रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 360/202, धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 191(3), 109(3), 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की। प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस ने 15 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक आरोपी लक्ष्मण वर्मा फरार था।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने ग्राम देवरी निवासी लक्ष्मण वर्मा (उम्र 23 वर्ष) को पकड़ा और पूछताछ की। उसने *पुरानी रंजिश के चलते साथियों के साथ मिलकर हमला करना स्वीकार किया।* उसके कबूलनामे के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 14 जुलाई 2025 को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के साथ ही प्रकरण में शामिल सभी 16 आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे गंभीर अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कोई भी आरोपी कानून से बच नहीं पाएगा।
